हरदोई में ऑटो-बाइक में जोरदार टक्कर, दो वर्षीय मासूम की मौत, चार घायल

हरदोई। जनपद के मधौगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना तकिया धर्मपुर के पास बघौली रोड पर हुई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पहाड़पुर थाना बघौली निवासी नूर बानो (24) अपने पति शहीद हुसैन (26) और दो वर्षीय पुत्र मोहम्मद असद के साथ ऑटो (UP30 CT 4883) से बांगरमऊ (उन्नाव) एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। सुबह करीब 9:30 बजे जब उनका ऑटो तकिया धर्मपुर के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही मोटरसाइकिल (UP30 BQ 2187) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
मोटरसाइकिल पर आरिफ (20) और गेंदा (50) सवार थे, जो रिश्तेदारी से अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में गोद में बैठे मासूम असद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नूर बानो, शहीद हुसैन, आरिफ और गेंदा घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मधौगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि ऑटो और बाइक की भिड़ंत में दो वर्षीय बच्चे की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।