कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 का व्यापक जागरूकता अभियान, हर वर्ग तक पहुंचकर दिया सुरक्षा का संदेश

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी तथा पुलिस निरीक्षक व सुपरवीजन अधिकारी सीर कौर के निर्देशन में प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा शहर में प्रत्येक वर्ग को जागरूक करने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

यूनिट द्वारा बच्चों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को सुरक्षा एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, गुड टच-बैड टच तथा आपातकालीन नंबर 112, 1090 के बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया।

महिलाओं को आत्मरक्षा, छेड़छाड़ एवं घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं बुजुर्गों को अकेले रहने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं आमजन को राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करने एवं उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से शहर में सुरक्षा के प्रति जागरूकता में वृद्धि हुई है तथा आमजन विशेषकर महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना सुदृढ़ हुई है। पुलिस प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार जनजागरूकता एवं सुरक्षा अभियान निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया गया है।