हरदोई में लूट के इरादे से बाइक सवार को पैर मारकर गिराया, तीन मीटर तक घिसटता चला गया, शोर मचाने पर भागे आरोपी, CCTV में कैद हुई वारदात

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर हाईवे पर बाइक सवार को गिराकर लूट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जनपद के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुइयां निवासी सूरज कुमार अपने भाई बृजमोहन की ससुराल ग्राम बरगांवा, थाना बिलग्राम (हरदोई) गए थे। वापसी के दौरान जब वह हरपालपुर थाना क्षेत्र में अन्नपूर्णा ढाबा के आगे पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया।
आरोप है कि ज्योतिपुरवा मजरा ककरा निवासी चिंटू पुत्र तेजकुमार और रामसागर के पुत्र ने ओवरटेक करते हुए सूरज कुमार की बाइक में पैर मारकर उन्हें गिरा दिया। घटना के बाद सूरज कुमार सड़क पर गिरकर करीब तीन मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित ने हरपालपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।