देर रात इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

श्रीगंगानगर के उपखण्ड रायसिंहनगर में शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि बाद करीब 2 बजे उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तहबाजारी क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब अधिकांश शहरवासी गहरी नींद में थे।

बताया जा रहा है कि मौके पर तैनात प्राइवेट गार्ड सुनील खन्ना ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं और तुरंत फायरमैन सोहनलाल को सूचना दी। सूचना मिलते ही रायसिंहनगर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आरपीएस प्रियंका मेघवाल भी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने के लिए बीएसएफ फायर ब्रिगेड के साथ-साथ श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर, पदमपुर और विजयनगर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई।
करीब आधे घंटे के भीतर आधा दर्जन पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए, जिससे आग बुझाने में काफी मदद मिली। करीब दो ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग के कारण दुकान में रखा लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक का सामान जलकर राख हो गया।
इस दौरान आग बुझाने में जुटे फायरमैन सोहनलाल और हनुमान भदौरिया घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
तहबाजारी की संकरी गलियों में लगी इस आग ने एक समय बड़ा रूप ले लिया था, लेकिन फायर ब्रिगेड, पुलिस प्रशासन, स्थानीय व्यापारियों और टैंकर संचालकों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
थाना प्रभारी आरपीएस प्रियंका मेघवाल ने आग बुझाने में सहयोग करने वाले सभी फायरमैन, व्यापारियों और टैंकर संचालकों का आभार व्यक्त किया।