कृषि भूमि विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, किसान परिवार के 2 सदस्य ओवरहेड टैंक पर चढ़े

श्रीगंगानगर जिले के उपखण्ड रायसिंहनगर के गांव 2 TK में कृषि भूमि पर कब्जे के विवाद ने शुक्रवार को गंभीर रूप ले लिया। पीड़ित किसान परिवार के दो सदस्य सर्वजीत सिंह व नागर सिंह विरोध स्वरूप गांव 11TK स्थित ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों के पास पेट्रोल की बोतलें भी साथ होने से मौके पर हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति लंबे समय से अपनी कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर परेशान हैं और प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे है। सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने यह खतरनाक कदम उठाया और आत्मदाह की चेतावनी दे डाली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गये और दोनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। वहीं एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया गया।

स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। प्रशासन ने लगातार हालात पर नजर बनाए रख कर दोनों पीड़ित किसानों को ओवरहेड टेंक से सुरक्षित नीचे उतार लिया।

फिलहाल वहीं प्रशासन पर भी मामले के जल्द समाधान का दबाव बढ़ गया है।