चंदौली कोतवाली में महिला सिपाही से अभद्रता का आरोप, देर रात कमरे में घुसा आरक्षी; मामले को दबाने की भी चर्चा

चंदौली कोतवाली में महिला सिपाही से अभद्रता का आरोप, देर रात कमरे में घुसा आरक्षी; मामले को दबाने की भी चर्चा

चंदौली। जनपद चंदौली की चंदौली कोतवाली में तैनात एक महिला आरक्षी के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि महिला आरक्षी की ड्यूटी मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित मिशन शक्ति केंद्र पर लगी हुई थी। घटना के समय वह थाने में ही मौजूद थी। जानकारी के अनुसार अपने छोटे बच्चे को दूध पिलाने के लिए वह थाने के सीसीटीएनएस कक्ष में गई थी।

आरोप है कि इसी दौरान क्वार्टर गार्ड ड्यूटी से मुक्त होने के बाद आरक्षी अमित कुमार सिंह देर रात करीब 2 बजे अचानक कमरे में पहुंच गया और महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि आरोपी सिपाही ने महिला आरक्षी की चादर खींचने का प्रयास किया।

महिला सिपाही के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूत्रों के अनुसार शुरुआत में इस मामले को थाने तक ही सीमित रखने और दबाने का प्रयास भी किया गया, ताकि बात बाहर न जाए। हालांकि पीड़ित महिला आरक्षी ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का फैसला किया।

बताया जा रहा है कि महिला सिपाही ने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की है। फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस विभाग में चर्चा तेज है और मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।

यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरक्षी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।