निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, दो मजदूर घायल; पूर्व विधायक ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

चंदौली। जनपद चंदौली में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का स्लैब ढह जाने से हड़कंप मच गया। यह हादसा बनौली खुर्द गांव के पास पीडीडीयू-गया रेलखंड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ, जहां लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम आरओबी के दो पिलरों के बीच स्लैब की ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक स्लैब भरभरा कर नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में काम कर रहे दो मजदूर घायल हो गए। घायलों में एक मजदूर रोहतास (बिहार) तथा दूसरा लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) का निवासी बताया जा रहा है। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ठेकेदार और अन्य मजदूर वहां से भाग निकले। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम और सेतु निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि घटना में दो मजदूरों के आंशिक रूप से घायल होने की सूचना मिली है और उनका इलाज कराया जा रहा है।

पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

घटना को लेकर मनोज सिंह डब्लू (सपा के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक) ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी क्षेत्रीय विधायक का मौके पर न पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनाए जा रहे पुल में अगर इस तरह की लापरवाही सामने आती है तो इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह धरना देने के लिए बाध्य होंगे।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्लैब गिरने की असली वजह क्या थी।