श्रीगंगानगर जिले में नशे का कहर, पुलिस चौकी से चंद कदम दूर युवक की ओवरडोज से मौत

श्रीगंगानगर जिले में बढ़ते नशे के कारोबार ने एक बार फिर चिंताजनक तस्वीर सामने ला दी है। आज सोमवार को रायसिंहनगर के नेहरू पार्क में एक युवक की कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल रायसिंहनगर पुलिस थाने से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित है।

सूत्रों के अनुसार मृतक युवक पास के गांव कीकरवाली का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नेहरू पार्क में मेडिकल नशा और चिट्टा का सेवन कर रहा था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेहरू पार्क और आसपास के इलाकों में लंबे समय से मेडिकल नशा और चिट्टा खुलेआम बिक रहा है लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।

लोगों का आरोप है कि पुलिस थाने के इतने नजदीक नशा होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो शायद एक युवक की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शहर में नशे के कारोबार पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई तो युवाओं की जिंदगी लगातार खतरे में पड़ती रहेगी।

आपको बता दें कि पूरे श्रीगंगानगर जिले में चिट्टे व मेडिकट्ड नशे की खुलेआम सप्लाई व बिक्री हो रही है जिससे कहीं ना कहीं से हर रोज नशे की ओवरडोज से युवाओं की मौत की खबरें आ रही है जो शासन व प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगाती है।