मध्य रेलवे: टिकट जांच में नया कीर्तिमान, मुंबई मंडल के टीटीआई मोहम्मद शम्स बने ‘करोड़पति’

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में कार्यरत ट्रैवलिंग टिकट इंस्पेक्टर मोहम्मद शम्स चंद ने टिकट जांच से होने वाली आय में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025?26 में उन्होंने टिकट जांच के माध्यम से 1 करोड़ रुपये से अधिक की आय दर्ज कर मुंबई मंडल के पहले टिकट जांच कर्मचारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।

मोहम्मद शम्स चंद, जो ओपन डिटेल बैच में ट्रैवलिंग टिकट इंस्पेक्टर (टीटीआई) के रूप में कार्यरत हैं, ने 1 अप्रैल 2025 से 15 मार्च 2026 के बीच टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 11,483 मामलों का पता लगाते हुए 1,00,38,505 रुपये की आय रेलवे के लिए सुनिश्चित की। इस उपलब्धि के साथ वे वर्तमान वित्तीय वर्ष में मुंबई मंडल के पहले ऐसे टिकट जांच कर्मी बन गए हैं, जिन्होंने एक करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उनकी कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन सराहनीय है। उनके प्रयासों से रेलवे को संभावित राजस्व हानि से बचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। उनकी इस उपलब्धि ने टिकट जांच कर्मचारियों की प्रतिष्ठा को भी बढ़ाया है और अन्य कर्मचारियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा अधिकृत विक्रेताओं, रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) या आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। यात्री अपने मोबाइल फोन में रेल वन ऐप डाउनलोड कर भी आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

रेलवे ने टिकट रहित यात्रा के प्रति अपनी शून्य सहनशीलता नीति को दोहराते हुए कहा है कि यात्रियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने कहा कि यात्रियों से अनुरोध है कि वे सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ यात्रा करें तथा हमेशा वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें।