फलोदी स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से ?मिशन 100? अभियान के अंतर्गत फलोदी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत मंडल का यह चौथा शिविर अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी के अनुसार शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से 13 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान चिकित्सक द्वारा 35 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की हाई आरबीएस (रैंडम ब्लड शुगर) और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। चिकित्सक रविंद्र बिश्नोई ने सभी को संतुलित आहार,नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

शिविर का संचालन कल्याण निरीक्षक कुम्भा राम बाजिया एवं स्टेशन अधीक्षक पुखराज मेघवाल की देखरेख में किया गया। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए ऐसे शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।