हरदोई में सड़क हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की मौत, माता-पिता गंभीर, पिता के साथ ननिहाल जा रहे थे

हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बूढ़ा गांव निवासी आरिफ पुत्र कमरूल हसन (32 वर्ष) अपनी पत्नी नूरजहां (30 वर्ष) और दो मासूम बेटों हाशिम (5 वर्ष) व कासिम (3 वर्ष) के साथ बाइक से पिपरी गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे जब वे पीपरताली के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पिहानी पुलिस ने घायल दंपति को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और वाहन चालक की तलाश जारी है। हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।