सीडीओ का विकास भवन में औचक निरीक्षण, सात कर्मचारियों का वेतन रोका, हरदोई में कारण बताओ नोटिस जारी

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने सोमवार सुबह विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 10:15 बजे किए गए इस निरीक्षण में कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, डीआरडीए, मनरेगा, एनआरएलएम, कार्यक्रम कार्यालय, लघु सिंचाई, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नेडा कार्यालयों की व्यवस्था देखी गई। इस दौरान मानव कुमार (संविदा सहायक लेखाकार), मदलसा पांडेय (कनिष्ठ सहायक), विनय कुमार सिंह (बीएमएम, एनआरएलएम), विनोद कुमार (कनिष्ठ सहायक, लघु सिंचाई), सुनीता देवी (ग्राम पंचायत अधिकारी), रवि बाबू (संविदा लेखाकार) और मोहम्मद जान (कंप्यूटर ऑपरेटर) अनुपस्थित पाए गए। सभी का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सीडीओ ने जिला विकास कार्यालय में रखे पुराने नक्शे को पेंट कराकर व्यवस्थित स्थान पर लगाने, गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और सभी कर्मचारियों की नेम प्लेट तथा कक्षों के बाहर विवरण अंकित करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना बोर्ड लगाने के लिए भी कहा गया।
विकास भवन परिसर में अव्यवस्थित खड़े दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराने, खाली भूमि पर पौधरोपण करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निष्प्रयोज्य सामग्री और पुराने अभिलेखों का नियमानुसार निस्तारण कराने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राम प्रकाश मौजूद रहे।