कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के मध्य परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन

कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के मध्य परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन

परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु दो विशेष गाड़ियाँ चलाई गईं

कानपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के दृष्टिगत,मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर आशुतोष सिंह के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीमों द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में 01 फरवरी को प्रयागराज मंडल द्वारा कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के लिए दो परीक्षा विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। इन विशेष गाड़ियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि परीक्षार्थी सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।

परीक्षा विशेष गाड़ियों के संचालन से भीड़ प्रबंधन में उल्लेखनीय सहायता मिली तथा अभ्यर्थियों को आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज की ओर दो विशेष गाड़ियाँ संचालित की गईं। पहली विशेष गाड़ी का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या 06 से अपराह्न 13:35 बजे किया गया, जबकि दूसरी विशेष ट्रेन सायं 18:00 बजे तक प्लेटफॉर्म पर लगा दी गई थी।

रेलवे प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु परिचालन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, मार्गदर्शन, स्वच्छता एवं आवश्यक सहायता हेतु संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया तथा रेलवे कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

रेलवे का सतत प्रयास है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर एवं भरोसेमंद यात्रा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। परीक्षा विशेष गाड़ियों का यह संचालन उसी दिशा में एक सकारात्मक पहल है, जिससे परीक्षार्थी निश्चिंत होकर समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुँच सकें और तनावमुक्त होकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।