कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतरी महिलाएं, जोरदार प्रदर्शन कर एसडीएम का किया घेराव, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

खबर श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर से है यहां मनरेगा योजना को पूर्ववत स्वरूप में लागू रखने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं सड़कों पर उतर आई। महिलाओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ?मनरेगा बचाओ संघर्ष पदयात्रा? निकालते हुए कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर उपखंड कार्यालय तक पैदल मार्च किया।

पदयात्रा के दौरान महिलाओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों का विरोध जताया। उपखंड कार्यालय के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

100 दिन के अधिकार से वंचित करने का आरोप....

श्रीकरणपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलकरण सिंह बराड़ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत गरीब, वंचित व पिछड़े वर्ग के लोगों को 100 दिन का रोजगार का कानूनी अधिकार मिला था।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार मनरेगा के मूल स्वरूप को समाप्त कर इसे कमजोर करने का प्रयास कर रही है। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र की मोदी नित भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदल विबी जी राम जी कर 125 दिन रोजगार देने की घोषणा केवल भ्रम फैलाने का प्रयास है जबकि वास्तविकता में गरीबों के काम के अधिकार पर कुठाराघात किया जा रहा है।

पूर्ववत लागू रखने की मांग....

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार द्वारा लागू मनरेगा योजना के तहत 100 दिन के रोजगार के अधिकार को यथावत रखा जाए और गरीब मजदूरों के हितों से कोई छेड़छाड़ न की जाए।

यह रहे मौजूद....

प्रदर्शन में कांग्रेस ओबीसी विभाग प्रदेश प्रवक्ता श्याम वर्मा, जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया के नेतृत्व में पंचायत समिति प्रधान गोमती देवी, कृष्ण रेवाड़, पूर्व पार्षद प्रदीप सुमन व लक्ष्मण नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलायें, मनरेगा मजदूर व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुये।