मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति की वर्ष 2026 में प्रथम बैठक संपन्न

मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति की वर्ष 2026 में प्रथम बैठक संपन्न

मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति की बैठक में यात्री सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा

नागपुर मंडल में 30 जनवरी को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) की एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, नागपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर दीपक कुमार गुप्ता द्वारा की गई।

बैठक में समिति के सदस्य गौरव सिंह पारधी (विधायक-कटंगी),सर्वश्री सुदीप जैन,लक्ष्मीचंद रोचवानी,विनोद चांदवानी,रितेश अग्रवाल,जयप्रकाश तिवारी,चिनू अजमेरा,सौरभ ठाकुर,शंकर सैरानी, राजेश महाजन,भास्कर किसनजी डांगे,सत्येन्द्र सिंह ठाकुर,तरुण हथेल,विजय ठाकरे तथा मोना रघुवंशी उपस्थित थे। इस बैठक में गौरव पारधी विधायक कटंगी एवं समिति के अन्य सदस्यों उपस्थिति पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्वागत किया गया । विभिन्न जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त नागपुर मंडल के परिचालन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, संरक्षा, यांत्रिक तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल प्रशासन एवं रेल उपयोगकर्ताओं के बीच परस्पर संवाद को और अधिक सुदृढ़ करना, यात्रियों की आवश्यकताओं को प्रत्यक्ष रूप से समझना तथा नागपुर मंडल में यात्री सुविधाओं, सेवा गुणवत्ता एवं संरक्षा में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान यात्रियों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से यात्री गाड़ियों के ठहराव एवं समय-सारणी में सुधार, ट्रेन संचालन, समय पालन एवं भीड़ प्रबंधन, स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला यात्रियों के लिए सुविधाएं, स्टेशन परिसरों का विकास, सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली, उद्घोषणा एवं डिजिटल डिस्प्ले, यात्री संरक्षा, रेल सुरक्षा उपाय एवं शिकायत निवारण व्यवस्था,वाणिज्यिक सेवाओं का विस्तार एवं यात्रियों की संतुष्टि जैसे विषय शामिल रहे।

बैठक के दौरान वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक,दिलीप सिंह द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से नागपुर मंडल में उपलब्ध वाणिज्यिक सहित समस्त विभागों द्वारा की गई कार्यो एवं यात्री सुविधाओं की व्यापक जानकारी दी गई। जिसमे आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटिंग व्यवस्था, डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन सेवाएं एवं नकद रहित भुगतान, यात्री सुविधा केंद्र, हेल्प डेस्क एवं शिकायत निवारण तंत्र, कैटरिंग, ऑन-बोर्ड सेवाएं एवं स्टेशनों पर खानपान व्यवस्था, स्वच्छता अभियानों एवं सेवा गुणवत्ता में सुधार, राजस्व वृद्धि हेतु उठाए गए कदम, यात्रियों के हित में प्रस्तावित भविष्य की योजनाओ पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रेजेंटेशन को समिति सदस्यों द्वारा उपयोगी एवं जानकारी वर्धक बताया गया।

प्रेजेंटेशन के पश्चात समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित यात्रियों की समस्याएं, अपेक्षाएं एवं रचनात्मक सुझाव बैठक के समक्ष रखे। इन सभी सुझावों को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता द्वारा गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा मंडल रेल प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि समिति द्वारा दिए गए सभी सुझावों का गहन परीक्षण किया जाएगा तथा जो सुझाव व्यवहारिक एवं नियमसंगत होंगे, उन पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं सुझाव नागपुर मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से निरंतर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

नागपुर मंडल द्वारा रेल उपयोगकर्ताओं की सुविधा हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार की परामर्शात्मक बैठकों के नियमित आयोजन पर बल दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

बैठक के अंत में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नागपुर दिलीप सिंह द्वारा समिति सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक समाप्ति की घोषणा की गई I