सदर विधायक अदिति सिंह ने जरूरतमंदों में कंबल वितरित किए

रायबरेली।कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए सदर विधानसभा क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह ने शनिवार को मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाई। उन्होंने मथुरा का पुरवा, सूबेदार का पुरवा एवं जैतूपुर गांव पहुंचकर शीतलहर से प्रभावित गरीब व असहाय परिवारों को कंबल वितरित किए।
इस दौरान विधायक अदिति सिंह ने जरूरतमंदों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलकता नजर आया।विधायक ने कहा कि ठंड के इस कठिन समय में जरूरतमंदों की सेवा करना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी गरीब परिवार को ठंड से जूझने नहीं दिया जाएगा और राहत कार्य आगे भी जारी रहेंगे।इस मानवीय पहल के माध्यम से करुणा, संवेदना और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती मिली।स्थानीय लोगों ने इस प्रयास के लिए विधायक का आभार जताया।