हरदोई में गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि व शांतिपूर्ण उपवास, कांग्रेस ने मनरेगा बचाने का दिया संदेश, कहा- सरकार की नीतियों से मनरेगा की मूल भावना कमजोर हो रही

हरदोई। मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने रविवार को शहर के पुलिस लाइन तिकोनिया पार्क स्थित गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं शांतिपूर्ण विरोध उपवास आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व मनरेगा बचाओ समिति की जिला संयोजक मंजू मित्रा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और रघुपति राघव राजा राम की चौपाई गाकर अहिंसक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर मंजू मित्रा ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन वर्तमान समय में रोजगार के अवसर घटने, भुगतान में देरी और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण मजदूरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से मनरेगा की मूल भावना कमजोर हो रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जिलाध्यक्ष विक्रम पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा की है और मनरेगा बचाओ अभियान इसी संघर्ष का हिस्सा है। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित और पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि गांधी के दिखाए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। युवा जिलाध्यक्ष मोहन सिंह ने कहा कि युवा वर्ग भी इस अभियान से जुड़कर गांव-गांव तक जागरूकता फैलाएगा।
कार्यक्रम में एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद सहित दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में यह घोषणा की गई कि मनरेगा बचाओ समिति के बैनर तले 03 फरवरी तक जिले के विभिन्न स्थानों पर जनचौपाल, संवाद और शांतिपूर्ण आंदोलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि मजदूरों को उनका हक दिलाने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।