राजघाट मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, हरदोई में सुरक्षा व सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश, कहा- घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाए

हरदोई। आगामी राजघाट मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए मार्ग व्यवस्था सुचारु रखी जाए और मेले के अंदर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। इसके लिए मेला क्षेत्र के बाहर पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेला परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल के लिए टैंकरों की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्नान की सीमा स्पष्ट रूप से निर्धारित कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने को कहा।
जिलाधिकारी ने गोताखोरों की तैनाती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान आध्यात्मिक गरिमा बनी रहनी चाहिए और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि घाटों पर पुलिस की पुख्ता तैनाती की जाए। मेले के दौरान पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बिलग्राम, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि राजघाट मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।