माघ मेला–2026 : श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज स्टेशनों पर व्यापक रेल व्यवस्थाएँ.

माघ मेला?2026 के दौरान प्रयागराज में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागरा रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य)दीपक कुमार के मार्गदर्शन में प्रयागराज परिक्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज पर व्यापक एवं समन्वित व्यवस्थाएँ की गई हैं। मेला अवधि के दौरान इन स्टेशनों को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है।

भीड़ नियंत्रण एवं सुव्यवस्थित आवागमन के लिए स्टेशनों पर पृथक प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए, एक दिन पूर्व से दो दिन बाद तक वन-वे मूवमेंट योजना लागू रहेगी, जिससे यात्रियों का सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, भारत स्काउट एवं गाइड तथा सिविल डिफेन्स की अतिरिक्त तैनाती की गई है। स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 7 सतत निगरानी की जा रही है।

यात्रियों की सुविधा हेतु सभी स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में टिकट काउंटर, मोबाइल टिकट यूनिट तथा डिजिटल टिकटिंग को प्रोत्साहित किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, बैटरी चालित वाहन, सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क), टोल-फ्री नंबर 1800 4199 139 तथा दिशावार कलर-कोडिंग व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसरों में नियमित सफाई, अतिरिक्त शौचालय, पेयजल काउंटर तथा मेडिकल सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रयागराज जंक्शन पर मेडिकल ऑब्ज़र्वेशन कक्ष में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए बहुभाषी उद्घोषणा प्रणाली, सूचना पट्ट, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु रिंग रेल सेवा सहित विशेष ट्रेनों की भी व्यवस्था की गई है।

रेलवे प्रशासन माघ मेला 2026 के दौरान प्रयागराज आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे रेलवे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं सहयोग प्रदान करें, जिससे यह पावन आयोजन सफलतापूर्वक एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।