गृह कलह से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान।

फिरोजाबाद।थाना रजावली क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदी में रविवार को एक युवक ने घरेलू कलह से तंग आकर आत्महत्या कर ली। युवक ने गांव के बाहर स्थित नीम के पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन पुत्र किशनलाल निवासी ग्राम मोहम्मदी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवादों को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात को नित्य की भांति अर्जुन परिजनों के साथ घर पर सोया हुआ था, रविवार सुबह जब परिजन जागे तो अर्जुन बिस्तर पर नहीं था तो परिजनों ने शौच आदि की नित्य क्रिया में जाने का अनुमान लगाया किंतु काफी देर तक जब अर्जुन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान प्रातः भृमण के लिए जाने वाले ग्रामीणों ने गांव के बाहर नीम के पेड़ पर उसका शव लटका देखा। ग्रामीणों ने सूचना परिजनों को दी। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही थाना रजावली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
रजावली थाना प्रभारी ब्रजकिशोर का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की आत्महत्या गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।