हरदोई में झाड़ियों में मिला युवती का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जनपद के माधौगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचायत भवन और कूड़ा घर के पास झाड़ियों में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। युवती के गले में दुपट्टा बंधा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय ज्योति पुत्री जीत बहादुर गौतम निवासी ग्राम गुलाबनगर मजरा डकौली के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका की मां विजरानी गौतम ने बताया कि ज्योति सोमवार को संडीला में नौकरी देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पंचायत भवन तक उसके साथ छोटी बहन भी गई थी। वहीं से डकौली निवासी इकबाल उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद ज्योति घर नहीं लौटी। देर शाम तक संपर्क न होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मंगलवार सुबह पंचायत भवन के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना ग्राम प्रधान केदार ने पुलिस को दी। ज्योति अपने छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और दो छोटे भाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां ने डकौली निवासी इकबाल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।