हरदोई में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर चले, फायरिंग का आरोप, चार लोग घायल

हरदोई। जनपद के सांडी थाना क्षेत्र में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, विवाद सांडी थाना क्षेत्र के चौधरियापुर तिराहा के पास स्थित एक जमीन को लेकर शुरू हुआ। हरपालपुर थाना क्षेत्र के जनकपुरवा गांव निवासी शिशुपाल सिंह ने उक्त जमीन का बैनामा कराया था और उस पर निर्माण कार्य शुरू कराया था। इसी दौरान चौधराइनपुर गांव निवासी संतोष और शैलेंद्र पुत्र कैलाश राजपूत ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शैलेंद्र ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इनमें सांडी कस्बे के ऊंचा टीला मोहल्ला निवासी हंसराम, मुल्क राज पुत्र वेद प्रकाश और ताज मोहम्मद शामिल बताए जा रहे हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद ईंट-पत्थरबाजी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झड़प के दौरान दो राउंड फायरिंग भी हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ईंट-पत्थरबाजी में एक पक्ष से धर्मेंद्र सिंह और अंकित घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से ताज मोहम्मद को चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने संतोष पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही सांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।