स्कूल मैजिक अनियंत्रित होकर खाई में पलटी, चालक समेत 7 छात्र घायल।

पीलीभीत। माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर शुक्रवार सुबह छात्र-छात्राओं से भरी एक स्कूल मैजिक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। दुर्घटना में सात छात्रों के साथ वाहन चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख- पुकार सुनकर मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल सभी बच्चों को बाहर निकाल कर माधोटांडा सीएससी भेजा। तीन बच्चों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर आईसीयू में भर्ती किया गया है। कलीनगर तहसील क्षेत्र की ग्राम जमुनिया निवासी बच्चों जय शिव व कनक शर्मा पुत्र व पुत्री कुलदीप शर्मा, चेतन तिवारी पुत्र तरुण तिवारी, अंशुमन शर्मा पुत्र देवेंद्र शर्मा, दिव्यांशी भास्कर पुत्री रामसनेही भास्कर, अर्पण शर्मा अक्षय सभी लॉर्ड कृष्णा स्कूल पीलीभीत में पढ़ते हैं। शुक्रवार सुबह लगभग 7:30 बजे गांव के ही चालक सचिन शर्मा टाटा मैजिक से बच्चों को स्कूल लेकर रवाना हुए। माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर सिद्ध बाबा से लगभग 1 किलोमीटर पहले वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई की ओर पलट गया और तेज रफ्तार से पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। सभी छात्र अंदर फस गए और मौके पर अफरा तफरी मच गई। राहगीरों ने बच्चों को बाहर निकाल कर तत्काल माधोटांडा सीएचसी पहुंचाया। जहां दिव्यांशी, अपर्णा सहित तीन बच्चों की हालत गंभीर पाई गई। उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया जहां उनका आईसीयू में इलाज जारी है।