207वां स्थापना दिवस: नसीराबाद में शौर्य और विकास का संगम, शहरवासियों में उत्साह

नसीराबाद ( राहुल कुमार वर्मा ) नसीराबाद ने आज अपना 207वां स्थापना दिवस गर्व और उमंग के साथ मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर छावनी प्रशासन द्वारा फ्राम जी चौक स्थित शहीद स्मारक पर विशेष आयोजन किया गया, जिसमें वीर शहीदों को नमन किया गया और आमजन को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।

समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। 1857 की क्रांति के अमर सेनानियों को याद करते हुए पूरे माहौल में राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना गूंज उठी। कार्यक्रम के बाद शहरवासियों को मिठाई वितरित कर स्थापना दिवस की खुशियाँ साझा की गईं।

स्थापना दिवस पर शहर में विकास की नई राह खोलते हुए महत्वपूर्ण मार्गों की मरम्मत और री-कार्पेटिंग कार्यों का उद्घाटन भी किया गया। जिन मार्गों को सुधार कार्यों के लिए चुना गया है, उनमें शामिल हैं?

हनुमान चौराहा से शहीद स्मारक

सरकारी अस्पताल से एसबीआई बैंक (सब्जी मंडी)

अंबेडकर सर्किल से पाँच बत्ती चौराहा

चवन्नी लाल रेस्टोरेंट से काली माई चौराहा

सिटी थाना से मोतीलाल दुकान तक का मार्ग

इन सभी कार्यों पर कुल 76 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इन सुधार परियोजनाओं से शहर के यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।

स्थापना दिवस का यह आयोजन नसीराबाद के गौरव, इतिहास और निरंतर प्रगति का प्रतीक बनकर उभरा। शहरवासियों ने इसे नसीराबाद के विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।