बरेली बवाल : आईएमसी जिलाध्यक्ष समेत 15 और गिरफ्तार, पुलिस पर गोली चलाने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

बरेली। शुक्रवार को भड़के बरेली बवाल के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई मोड में है। मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि इन लोगों ने मौलाना तौकीर रजा के कहने पर पुलिस पार्टी पर पथराव किया था। वहीं, पुलिस ने मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश ताजिम को भी दबोच लिया, जो बवाल के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर चुका था। एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रेसवार्ता में बताया कि कोतवाली क्षेत्र से 14 और बारादरी क्षेत्र से 2 आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें फरीदपुर निवासी शमशाद आलम भी शामिल है, जो आईएमसी का जिलाध्यक्ष है और मौलाना तौकीर रजा का करीबी बताया जा रहा है। शमशाद पर साजिश रचने और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए उपद्रव भड़काने के आरोप हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मो. महताब, जाकिर कुरैशी, फैजान, अब्दुल नफीस, गुड्डू अहमद, अयान, रईस, शेरु और हस्सान जैसे नाम शामिल हैं। इनमें एक आरोपी नाबालिग भी है। पुलिस ने बताया कि दंगे से जुड़े 10 मुकदमों में अब तक कुल 72 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें कई सीधे पथराव, फायरिंग और दुकानों-वाहनों को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ में काजी टोला, थाना बारादरी निवासी ताजिम को दबोच लिया। ताजिम पर आरोप है कि उसने शाहमतगंज में पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। सूचना पर हरुनगला के पास बाइक के साथ मौजूद ताजिम को पकड़ने की कोशिश की गई तो वह भागने लगा और पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि ताजिम पहले भी गौकशी और गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। मौलाना तौकीर रजा और सभासद अनीस ने उसे दंगे के दौरान असलहा लेकर भीड़ में रहने की जिम्मेदारी दी थी। लगातार हो रही गिरफ्तारियों और मुठभेड़ों के बीच पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और जो भी कानून हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।