किसान हित में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, हरदोई में सिनेमा चौराहा पर चक्काजाम कल, कांग्रेस कार्यालय से मानव श्रृंखला बनाकर निकलेंगे

हरदोई। यूरिया की किल्लत से जूझ रहे किसानों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी आज बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विक्रम पांडे ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि सोमवार को सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से निकलकर जिला अस्पताल होते हुए सिनेमा चौराहा पर पहुँचेंगे और मानव श्रृंखला बनाकर चक्का जाम करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। अन्नदाता की जिंदगी बदहाल हो चुकी है। आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज किसानों को यूरिया तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि किसान अपने अधिकार की बात करते हैं तो भाजपा उन्हें देशद्रोही बताती है, जबकि वही देश का पेट पालते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गूंगी बहरी सरकार के कान खोलने का काम करेगी।
महामंत्री/प्रवक्ता अमलेंद्र त्रिपाठी ने सवाल उठाया कि जब जिले की सहकारी समितियों पर भाजपा समर्थक काबिज हैं तो जमाखोरी कौन कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों का कर्जा माफ करती है, लेकिन किसानों को सही दाम और सुविधा नहीं देती।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि किसानों का देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान है, लेकिन मोदी-योगी सरकार व्यापारी मित्रों को बढ़ावा देकर किसानों से खिलवाड़ कर रही है।
प्रेस वार्ता में महिला अध्यक्ष सुनीता देवी, जिला महासचिव पी.पी. वर्मा, उपाध्यक्ष मोहन सिंह, तुषार दीक्षित युवा उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक अध्यक्ष चमन अली, एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।