‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता सेमिनार आयोजित

बरेली। केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? थीम पर सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। मंडल कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित सेमिनार की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की।

सेमिनार में गोरखपुर मुख्यालय से पहुंचे उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों में सतर्कता बरतने, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने और कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के अमित कुमार, यांत्रिक विभाग के निकुंज सक्सेना, विद्युत विभाग के अजय ऋषि, भंडार विभाग के के.सी. सिंह तथा यातायात विभाग के आशीष कुमार त्रिपाठी ने अपने-अपने विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी साझा की।

वक्ताओं ने विशेष रूप से टेंडर और खरीद संबंधी कार्यों में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के पूर्ण अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। साथ ही प्रक्रियाओं और प्रणालियों को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि सतर्कता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही और निर्धारित नियमों का पालन मजबूत कार्य संस्कृति की आधारशिला हैं। इन मूल्यों को अपनाकर रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाने के साथ यात्रियों एवं आमजन का विश्वास भी मजबूत किया जा सकता है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने गोरखपुर से आए सतर्कता अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतर्क और पारदर्शी कार्यप्रणाली से रेलवे की सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है। इससे यात्रियों और आमजन के बीच रेलवे के प्रति विश्वास भी और मजबूत होता है।

सेमिनार में मंडल के सभी शाखाधिकारी, टेंडर एवं खरीद संबंधी कार्यों से जुड़े पर्यवेक्षक तथा कर्मचारी मौजूद रहे।