हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में 250 बच्चों को सिखाए आग से बचाव के तरीके

मुरादाबाद। बुधवार को हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में अग्निशमन विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में करीब 250 विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव एवं आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए।

अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी। टीम ने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय शांत रहते हुए सबसे पहले आसपास के लोगों को सतर्क करना चाहिए और सुरक्षित स्थान की ओर निकलना चाहिए।

इस दौरान विद्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों के प्रति भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग ने सभी से अपील की कि आग से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।