हिंदी विश्वविद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 5 लोगों ने किया रक्तदान

प्रयागराज। भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हिंदी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चले शिविर में लोगों को रक्तदान के महत्व के साथ टीबी, एचआईवी और अन्य संक्रामक बीमारियों की समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में करीब 20 लोगों की रक्तदान के लिए चिकित्सकीय जांच की गई, जिनमें से 5 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए गए। इसके बाद राहुल त्रिपाठी, अरविन्द सिंह, अमिया यादव, कौशलेन्द्र कुमार और आनंद कुमार ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज के कार्यवाहक अकादमिक निदेशक डॉ. सुप्रिया पाठक ने कहा कि रक्तदान एक मानवीय और सामाजिक दायित्व है। इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में सहायता मिलती है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस नेक कार्य में आगे आने की अपील की।

तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय प्रयागराज के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए स्वस्थ लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में एचआईवी और टीबी की समय पर जांच के महत्व पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने एचआईवी से जुड़े मामलों में भेदभाव से बचने, जागरूकता बढ़ाने और जांच की गोपनीयता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि ऐसे शिविर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धन्यवाद ज्ञापन जनसंचार विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अख्तर आलम ने किया। उन्होंने शिविर को जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर डॉ. अवंतिका शुक्ला, डॉ. आशा मिश्रा, डॉ. हरप्रीत कौर, यशार्थ मंजुल, डॉ. सत्यवीर, डॉ. विजया सिंह, डॉ. सुरभि विप्लव, डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, डॉ. चंद्र मणि, डॉ. सुमित पांडेय, अजय कुमार मिश्रा, प्रज्ञा भारती, रुशिका निधि, राम संवारी, विभा मिश्रा और उपासना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।