हरदोई मेला महोत्सव के 12वें आयोजन में बढ़ेंगे कार्यक्रम, शिक्षा पर भी होगा सेमिनार, मुख्य आयोजक रवि किशोर गुप्ता बोले- प्रतिभागियों को मंच उपलब्ध कराना है उद्देश्य

हरदोई। दिसंबर में प्रस्तावित हरदोई मेला महोत्सव के 12वें आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को राजवाड़ा रेस्टोरेंट में जी-10 न्यूज के संपादक व मुख्य आयोजक रवि किशोर गुप्ता ने अपनी टीम के साथ महोत्सव का पोस्टर लॉन्च कर कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष महोत्सव में तीन नए कार्यक्रम जोड़े गए थे, जबकि इस वर्ष पांच नए कार्यक्रम बढ़ाए गए हैं। सीमित संसाधनों में लगातार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
रवि किशोर गुप्ता ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य जिले के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। इस बार कला, संस्कृति, खेल और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। गायन में प्राइमरी वर्ग 3 से 7 वर्ष, जूनियर वर्ग 8 से 14 वर्ष, सीनियर वर्ग 15 वर्ष से अधिक और सुपर सीनियर वर्ग में 35 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ ग्रुप डांस, डुएट डांस, मिस्टर हरदोई, मिस हरदोई और किड्स फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। कला एवं रचनात्मक गतिविधियों में सजावट, स्केचिंग, कार्ड मेकिंग, कुकिंग, ड्राइंग, राइटिंग, क्राफ्ट, रंगोली, कलश सज्जा, मेहंदी और दीया प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। महिलाओं के लिए सुपर मॉम प्रतियोगिता भी होगी।
खेल प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन के अलावा 100, 200 और 400 मीटर दौड़ आयोजित होगी। 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए जलेबी रेस, थ्री- लेग रेस, लेमन रेस और फ्रॉग रेस जैसे खेल भी होंगे।
रवि किशोर गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकारों ने शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम और सेमिनार आयोजित करने की सलाह दी है। इस सुझाव पर उन्होंने शिक्षा संबंधी सेमिनार आयोजित करने की बात कही। महोत्सव में जिलेभर से प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
इस मौके पर मुख्य रूप से कुलदीप द्विवेदी, आयुषी रस्तोगी, अजीत शुक्ल, मनिका गुप्ता, सुनील त्रिवेदी, स्मृति मिश्रा, रज्जन सिंह, करुणाशंकर द्विवेदी, अतिशय पाण्डेय, शरद कश्यप, विपिन मिश्रा, नवल किशोर, अमन नागर, खुशबू टंडन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।