हरदोई में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो युवकों की मौत, मेडिकल कॉलेज गेट पर परिजनों का हंगामा, अधिकारियों के समझाने पर हुए शांत

हरदोई। सवायजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों ने हरदोई मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर जाम लगाकर हंगामा किया। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
बताया गया कि कंजरपुरवा निवासी सूरज और मढ़िया निवासी अजय रूपापुर में कैमरा ठीक करने गए थे। इसी दौरान दोनों हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों को उपचार के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी दोनों युवकों को कैमरा ठीक कराने के लिए अपने साथ लेकर गए थे। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे मामले की जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य गेट पर जाम लगा दिया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। काफी देर बाद सीओ सिटी अजीत चौहान ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवकों को कैमरा ठीक करने के लिए वहां किस परिस्थिति में ले जाया गया और हादसे में किसकी लापरवाही रही, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।