हरदोई में दो पुलिसकर्मी निलंबित, एक का रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, दूसरा ड्यूटी से गायब होकर नशे की हालत में मिला, एसपी ने दोनों पर की कार्रवाई

हरदोई। जनपद में पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के मामलों में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने दो मुख्य आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पहले मामले में कोतवाली देहात हरदोई में तैनात मुख्य आरक्षी राजेश यादव का थाना परिसर में कथित तौर पर उत्कोच (रिश्वत) लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो सामने आने के बाद आमजन के बीच पुलिस की छवि प्रभावित होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, दूसरे मामले में यातायात थाना बेनीगंज में तैनात मुख्य आरक्षी रामकिशोर के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। आरोप है कि 15 अक्टूबर 2026 को उनकी निर्धारित ड्यूटी कस्बा संडीला के बड़े चौराहे पर लगी थी, लेकिन वह ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान उनके नशे की हालत में पाए जाने की बात भी सामने आई। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी बरतें। ड्यूटी में लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।