हरदोई में दहेज़ की मांग के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, एक माह के नवजात बेटे से उठा मां का साया, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में दहेज उत्पीड़न के बीच एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्नाव जनपद के शिवपुरी, पोस्ट मोढ़पुर निवासी हरीलाल पुत्र गजराज ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी प्रियंका का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से गौरा निवासी मुकेश पुत्र फूलेंद्र के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर प्रियंका को प्रताड़ित करने लगा।
पिता का आरोप है कि पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी के साथ आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। कई बार उसे घर से भी निकाल दिया गया, लेकिन बाद में वह ससुराल लौट आई।
हरीलाल ने सास माया देवी, पति मुकेश, फूलेंद्र, मकनू, ननद रेनू और देवर अमित समेत अन्य लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने शव को गायब करने का प्रयास किया और मौके से लोग चले गए। प्रियंका के करीब एक माह के नवजात बेटे के सिर से मां का साया उठ गया।
घटना की जानकारी पर मायके पक्ष में आक्रोश फैल गया। पुलिस से जानकारी को लेकर नोकझोंक की स्थिति भी बनी। पुलिस के मुताबिक शव मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।