हरदोई में जल निगम ग्रामीण ने 5098 किलोमीटर सड़कें कराईं दुरुस्त, 10 नवंबर तक चलेगा अभियान, पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़क कराई जा रही दुरुस्त

हरदोई। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए जल निगम ग्रामीण की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 10 नवंबर तक जारी रहेगा। विभाग के अनुसार, जनपद में पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 5114 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से अब तक 5098 किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी दुरुस्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
जल निगम ग्रामीण ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है, तो इसकी सूचना विभाग को दें। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
क्षतिग्रस्त सड़क की शिकायत के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जलसारथी ऐप पर फोटो-वीडियो अपलोड करने की सुविधा
सड़क पुनर्स्थापना अभियान के तहत जलसारथी ऐप पर विशेष व्यवस्था की गई है। ग्रामीण सड़क की मौजूदा स्थिति की फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे संबंधित अधिकारियों तक समस्या पहुंचाने और मरम्मत की कार्रवाई में मदद मिलेगी।
जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान शिकायतों पर कार्रवाई कर ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।