सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई, उसी दिन रिक्त पदों पर कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देने के साथ उनके सेवानिवृत्ति संबंधी सभी देयकों और दस्तावेजों का समयबद्ध तरीके से वितरण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह की उपस्थिति में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए पांच रेल कर्मचारियों को समापक राशि के भुगतान संबंधी परिपत्र, चिकित्सा कार्ड सहित सेवानिवृत्ति से जुड़े अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में चन्दन सिंह देउपा, ट्रैकमेंटेनर/लालकुआं,सतीस, कांटावाला/बरेली सिटी,कुशुमा देवी, कांटावाला/खटीमा,कैलाश चन्द्र मीना, स्टेशन अधीक्षक/अगसौली तथा रामऔतार, एच.के.ए./इज्जतनगर शामिल रहे।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दीर्घायु, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। रेलवे की ओर से कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय उनके देयकों और जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

सेवानिवृत्ति के साथ ही रिक्त पदों पर पदोन्नति

इज्जतनगर मंडल में कर्मचारियों के हित में एक नई पहल भी जारी है। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार सेवानिवृत्ति के कारण होने वाली रिक्तियों पर उसी तिथि को प्रस्तावित कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इसी पहल के तहत इस माह श्री मकरूफ अहमद, कांटावाला/चमरउआ तथा श्री उदयकांत, कांटावाला/मन्धाना सहित अन्य कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई।

रेलवे की इस पहल से एक ओर जहां सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मान के साथ उनके सभी लाभ उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रिक्त पदों को समय पर भरने और कर्मचारियों को आगे बढ़ने के अवसर भी मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विजय कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. राकेश कुमार भारती, मंडल कार्मिक अधिकारी आनन्द कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी शिशु ओम दीक्षित सहित रेलवे के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।