सूरत-उदयपुर के बीच शुरू होगी वंदे भारत एक्सप्रेस, गुजरात-राजस्थान की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

यात्रियों की सुविधा और गुजरात तथा राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए पश्चिम रेलवे द्वारा सूरत और उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जा रहा है। आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधाओं से सुसज्जित यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।

ट्रेन संख्या २६९०३ सूरत?उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ४ अक्टूबर २०२६ से प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सूरत से सुबह ६:१० बजे रवाना होकर दोपहर १:४० बजे उदयपुर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या २६९०४ उदयपुर?सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस ३ अक्टूबर २०२६ से इसी दिन उदयपुर से दोपहर ३:३५ बजे रवाना होकर रात ११ बजे सूरत पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असारवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में एग्जीक्यूटिव चेयर कार और वातानुकूलित चेयर कार के कोच होंगे।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, इस अत्याधुनिक स्वदेशी ट्रेनसेट में बेहतर यात्री सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और तेज गति से त्वरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वंदे भारत के संचालन से गुजरात और राजस्थान के बीच यात्रियों को तेज एवं सुगम रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

सूरत?उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की बुकिंग १ अक्टूबर २०२६ से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली केंद्रों तथा भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम की वेबसाइट पर शुरू होगी। यात्रियों से आरक्षित यात्रा के दौरान मूल पहचान-पत्र साथ रखने की अपील की गई है।स्लग: सूरत-उदयपुर के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस