सुहाने मौसम में गूंजे माता के जयकारे, उत्साह के साथ भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालु

कटड़ा। सुहाने मौसम और हल्की बारिश के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के बीच भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

बीती मंगलवार देर रात हुई बारिश के बाद कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को मार्ग में बने आश्रय स्थलों पर रुकना पड़ा, लेकिन मौसम में सुधार होते ही यात्रा फिर उत्साह के साथ आगे बढ़ी। बारिश के कारण बैटरी कार मार्ग पर कुछ स्थानों पर कंकर-पत्थर और मलबा जमा हो गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया।

सुरक्षा जांच के बाद सुबह फिर शुरू हुई बैटरी कार सेवा

श्राइन बोर्ड प्रशासन ने मार्ग की सफाई और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद बुधवार सुबह करीब छह बजे बैटरी कार मार्ग को दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया। इसके साथ ही बैटरी कार सेवा भी सुचारू हो गई। पारंपरिक यात्रा मार्ग से श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही।

बादलों और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई मौसम की खूबसूरती

त्रिकूट पर्वत पर दिनभर बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाओं ने मौसम को और सुहाना बना दिया। मौसम के कारण कटड़ा से भवन के बीच हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही और इसे मौसम की स्थिति के अनुसार संचालित किया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी-जवान यात्रा मार्ग पर लगातार तैनात रहे। सफाई कर्मचारी भी मार्ग को साफ और सुरक्षित बनाए रखने में जुटे रहे।

बुधवार दोपहर तीन बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा। बारिश और बादलों के बीच भी मां के दरबार की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जय माता दी के जयकारों से पूरी यात्रा नगरी भक्तिमय नजर आई।