सुधाकर महिला शिक्षण संस्थान में डांडिया की धूम, छात्राओं ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

नृत्य-संगीत और रंग-बिरंगे परिधानों से गुलजार हुआ परिसर, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का दिया संदेश

वाराणसी। पाण्डेयपुर स्थित सुधाकर महिला शिक्षण संस्थान समूह में 16 एवं 17 अक्टूबर को दो दिवसीय डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव में सुधाकर महिला पीजी कॉलेज, सुधाकर महिला विधि महाविद्यालय और सुधाकर महिला इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बना। नृत्य-संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ उनमें नारी शक्ति, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

संस्था के चेयरमैन डॉ. प्रभुनारायण दूबे ने कहा कि डांडिया उत्सव भारतीय संस्कृति, परंपरा, उल्लास और सामूहिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करती हैं। शिक्षा के साथ इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

संस्था के तकनीकी निदेशक आयुष्मान दूबे ने डांडिया को नवरात्रि, मां दुर्गा की आराधना और शक्ति उपासना से जुड़ी सांस्कृतिक परंपरा बताया। वहीं, प्रशासनिक निदेशक कीर्तिमान दूबे ने कहा कि डांडिया की प्रत्येक थाप उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है तथा लोगों को प्रेम, सौहार्द और एकता के सूत्र में बांधती है।

इस अवसर पर संस्था की वाइस चेयरपर्सन डॉ. रमा दूबे, सुधाकर महिला इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती शशी सोनकर और डांडिया उत्सव के समन्वयक डॉ. श्याम सुंदर मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक एडवोकेट पं. जय नारायण दूबे, संस्थापिका एवं पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती शान्ति दूबे, मां सरस्वती तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन के साथ हुआ।

आयोजन को सफल बनाने में डांडिया उत्सव की कन्वेनर डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, को-कन्वेनर डॉ. प्रीति वर्मा, प्रेसिडेंट डॉ. मनोरमा तिवारी, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सुजीत राय एवं डॉ. रोली पाण्डेय, जनरल सेक्रेटरी डॉ. हेमा गुप्ता, डॉ. आशुतोष मिश्र, सेक्रेटरी डॉ. प्रतिमा मिश्रा एवं डॉ. पूजा सिंह, ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. सरोज सिंह एवं डॉ. अनीता सिंह, मिस तान्या सिंह, मीडिया इंचार्ज डॉ. राजकुमार श्रीवास्तव तथा कंप्यूटर शिक्षक शनि प्रजापति ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। डांडिया उत्सव ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा, नारी शक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।