सीडीओ ने बावन में विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश, लाइब्रेरी का संचालन न होने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को विकासखंड बावन की ग्राम पंचायत बावन में विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय बावन में वीबी-जी राम जी योजना के तहत 6.08 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन एमडीएम शेड/किचेन शेड का निरीक्षण किया गया। मौके पर नींव का कार्य चल रहा था और सभी पिलर खड़े किए जा चुके थे। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य करीब एक सप्ताह में पूरा करा लिया जाएगा। सीडीओ ने गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद विद्यालय में स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ऐसा प्रतीत हुआ कि लाइब्रेरी का उपयोग बच्चों के पढ़ने के लिए नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदार प्रधानाध्यापक भानू प्रताप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने और लाइब्रेरी का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यालय की लंबे समय से पुताई न होने पर तत्काल पुताई कराने को कहा गया। सीडीओ ने निर्देश दिया कि 15 दिन बाद विद्यालय का दोबारा निरीक्षण कराया जाएगा। कमियां मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सीडीओ ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत करीब 39.68 लाख रुपये की लागत से निर्मित कराए जा रहे अमृत सरोवर तारा तालाब का निरीक्षण किया। मौके पर बाउंड्रीवाल और तार फेंसिंग का कार्य चल रहा था। कार्य एक माह में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। सरोवर पर जनसामान्य के उपयोग के लिए बेंच, सोलर लाइट और सुरक्षा के लिए कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान मुख्य रूप से संतोष सिंह उपयुक्त श्रम रोजगार, डॉ. राम प्रकाश खंड विकास अधिकारी, प्रदीप परासर अवर अभियंता बावन, एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार, प्रधान प्रतिनिधि हमीद अहमद पप्पू, शकूर खान, नौशाद खान समेत आदि लोग मौजूद रहे।