सीएसएमटी के प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर 75 दिन का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक, आठ ट्रेनें प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 14 एवं 15 और स्टेबलिंग लाइन संख्या 15 पर 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक 75 दिनों का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह कार्य पुनर्विकास परियोजना के पहले चरण के तहत रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है।

ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 14 एवं 15 तथा स्टेबलिंग लाइन संख्या 15 पर नींव सहित अन्य जरूरी निर्माण कार्य किए जाएंगे। कार्य पूरा होने तक इन प्लेटफॉर्मों से ट्रेनों का संचालन निलंबित रहेगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित प्लेटफॉर्मों को ट्रेन संचालन के लिए रेलवे को सौंप दिया जाएगा।

इसके चलते 1 अक्टूबर से कार्य पूरा होने तक कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को सीएसएमटी के बजाय अन्य स्टेशनों पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। दादर स्टेशन पर बल्लारशाह-सीएसएमटी नंदीग्राम एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस, मडगांव-सीएसएमटी तेजस एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस और लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस का संचालन समाप्त किया जाएगा।

वहीं मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को ठाणे स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे ब्लॉक की अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है।