सीएसएन पीजी कॉलेज हरदोई में 622 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिया आशीर्वाद, आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों को मिल रही सहायता

हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को लखनऊ चुंगी स्थित सीएसएन पीजी कॉलेज में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विकास खंडों और नगर निकायों से आए कुल 622 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राहुल पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री नितिन अग्रवाल ने नवदंपतियों को आपसी प्रेम, सहयोग और सामंजस्य के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता मिल रही है और समाज में समरसता एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, कपड़े, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, बिस्तर, कंबल, गद्दे, तकिए, बर्तन और अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नितिन अग्रवाल, जिलाधिकारी राहुल पांडेय और मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दी। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।