सियालदह मंडल में गहन टिकट जांच अभियान, 657 मामले पकड़े, 2.53 लाख रुपये जुर्माना वसूला

कोलकाता। जिम्मेदार और अनुशासित रेल यात्रा को बढ़ावा देने के लिए सियालदह मंडल ने तीन प्रमुख उपनगरीय रेल खंडों में गहन टिकट जांच एवं यात्री जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सियालदह सुनील कुमार महाला के नेतृत्व में सियालदह-कृष्णनगर, सियालदह-कैनिंग और सियालदह-बनगांव रेल खंडों में अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जांच टीमों ने कुल 657 मामले पकड़े और 2 लाख 53 हजार 265 रुपये का जुर्माना वसूल किया। इनमें बिना वैध टिकट यात्रा करने वाले 346 यात्री, बिना बुक किए या निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने के 297 मामले तथा थूकने और गंदगी फैलाने के 14 मामले शामिल रहे।

रेलवे की ओर से बताया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना नहीं, बल्कि वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर और परेशानी मुक्त सुविधा उपलब्ध कराना भी है। जांच टीमों ने यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने, निर्धारित सामान सीमा का पालन करने और ट्रेन व स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

इसके साथ ही दैनिक यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में चढ़ने और जिम्मेदार यात्रा व्यवहार अपनाने की अपील की गई। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में थूकने तथा गंदगी फैलाने से बचने का आग्रह किया।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए सुरक्षित, जिम्मेदार और सुविधाजनक यात्रा की संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने, निर्धारित सामान सीमा का पालन करने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।