सांसदों संग बैठक में रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर मंथन

सांसदों के साथ महाप्रबंधक की बैठक, यात्री सुविधाओं और रेल विकास पर मंथन

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर दिए गए सुझाव

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के साथ महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की बैठक शनिवार को तुली इंपीरियल, रामदासपेठ, नागपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने की। बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल आधारभूत ढांचे के विकास और विभिन्न क्षेत्रों की रेल संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संतोष पांडेय के अलावा बंटी विवेक साहू, श्याम कुमार दौलत बर्वे, प्रशान्त यादवरावजी पडोले, नामदेव किरसान, भारती पारधी, सुमित्रा बाल्मिक, माया चिंतामन इवनाते तथा राजेन्द्र जैन उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की। मंडल रेल प्रबंधक नागपुर दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष तथा नागपुर मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन और बहुमूल्य सुझावों से रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप रेलवे की सुविधाओं और सेवाओं को निरंतर बेहतर करने के लिए सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें नागपुर मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल आधारभूत संरचना के विकास, गाड़ियों की क्षमता वृद्धि, दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं, अमृत भारत स्टेशन योजना, एक स्टेशन एक उत्पाद तथा महिलाओं के लिए मेरी सहेली अभियान सहित विभिन्न पहलों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा रेल मदद हेल्पलाइन 139, यात्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी सांसदों के साथ साझा की गई।

सांसदों ने मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों और उपलब्ध यात्री सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे सामने रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई। साथ ही ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और ट्रेनों की समयबद्धता को लेकर भी सुझाव दिए गए।

बैठक में विभिन्न स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं में विस्तार तथा क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी सांसदों और सांसद प्रतिनिधियों को क्षेत्रीय आवश्यकताओं से रेल प्रशासन को अवगत कराने तथा उपयोगी सुझाव देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बैठक में उठाए गए मुद्दों और सुझावों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करने के प्रयास का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।