सहसवान में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, विशाल कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सहसवान में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, विशाल कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

आयोजक उमेश चंद्र माहेश्वरी एवं अनुज माहेश्वरी के आवास से निकली कलश यात्रा, भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय हुआ नगर का माहौल।

 

सहसवान/बदायूं। नगर सहसवान में धार्मिक आस्था और भक्ति का वातावरण उस समय देखने को मिला, जब श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर विशाल कलश यात्रा निकाली गई। शुक्रवार, 13 नवंबर को आयोजक उमेश चंद्र माहेश्वरी एवं अनुज माहेश्वरी के आवास से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन के साथ ही नगर में आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आगाज हो गया।

 

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं, वहीं श्रद्धालु भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने वाली इस कलश यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।

 

कलश यात्रा निर्धारित मार्गों से होते हुए माहेश्वरी हॉस्टल कंपाउंड, दिल्ली रोड, रामलीला मैदान के सामने स्थित कथा स्थल पर पहुंची। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

 

इस आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 13 नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। कथा का रसपान प्रसिद्ध कथा व्यास पंडित ब्रह्मरत हरितोष जी (एकलव्य) के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

आयोजन के मुख्य आयोजक उमेश चंद्र माहेश्वरी एवं अनुज माहेश्वरी (जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी) ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य लोगों को धर्म, अध्यात्म, संस्कार और सद्कर्मों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना है। श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति के साथ जीवन में सदाचार एवं सकारात्मक विचारों की प्रेरणा मिलती है।

 

आयोजकों ने नगर सहसवान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

 

आठ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

मोहम्मद तारिक संवाददाता

जिला बदायूं

मोबाइल: 9634203086