सफाई कर्मचारी की आकस्मिक मौत पर संघ ने दी 70,500 रुपये की सहायता

आलापुर ( अंबेडकर नगर )। विकासखंड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सगहापुर में तैनात सफाई कर्मचारी प्रेमसागर चौबे के आकस्मिक निधन पर सफाई कर्मचारी संघ ने शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की।

नैपुरा निवासी प्रेमसागर चौबे की विगत दिनों बीमारी के बाद आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। वह ग्राम पंचायत सगहापुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की सूचना से साथी कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

ब्लॉक मुख्यालय पर सफाई कर्मचारियों ने दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी कर्मचारी उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। सफाई कर्मचारी संघ के सदस्यों एवं कर्मचारियों के सहयोग से एकत्रित 70,500 रुपये की अहेतुक सहायता राशि मृतक की पत्नी को सौंपकर परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया गया।

इस दौरान सफाई कर्मचारी संघ विकासखंड जहांगीरगंज के पदाधिकारी अवधराज वर्मा, नरसिंह, दिवाकर यादव, छेदी हाशमी, शिवप्रसाद दूबे, संतोष गुप्ता, रमेश कुमार गौतम, दिलीप कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।