सचखंड एक्सप्रेस में एसएलआर लीजिंग अनुबंध से रेलवे को मिलेगा 4.72 करोड़ का राजस्व

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने ई-निविदा के माध्यम से ट्रेन संख्या 12716 सचखंड एक्सप्रेस में एसएलआर लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किया है। तीन वर्ष की अनुबंध अवधि में इससे रेलवे को 4.72 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

इस अनुबंध के तहत सचखंड एक्सप्रेस में एसएलआर लीजिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि इस व्यवस्था से मंडल को पिछली वार्षिक लाइसेंस फीस की तुलना में 46 प्रतिशत से अधिक लाइसेंस फीस प्राप्त होगी।

एसएलआर लीजिंग व्यवस्था के माध्यम से रेलवे को अतिरिक्त आय प्राप्त होने के साथ ट्रेनों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होता है। इससे व्यापारियों को अपना सामान तेज और सुरक्षित तरीके से एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजने की सुविधा मिलती है। इससे समय और परिवहन लागत दोनों में बचत होती है।

ई-निविदा के जरिए पारदर्शी तरीके से अनुबंध आवंटित होने से रेलवे की गैर-किराया आय में बढ़ोतरी हो रही है। रेलवे के मुताबिक, ऐसी व्यवस्थाएं राजस्व बढ़ाने के साथ व्यापारियों को बेहतर माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित हो रही हैं।