संतों के सानिध्य में मनाया गया चरणाश्रम का दशम पाटोत्सव, संत संगोष्ठी में गूंजी भक्ति और अध्यात्म की वाणी

ब्रज के संत-महात्माओं ने श्रद्धालुओं को दिए आशीर्वचन, विशाल भंडारे में भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी

वृंदावन। वंशीवट स्थित चरणाश्रम का दशम पाटोत्सव मंगलवार को संत संगोष्ठी एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ब्रज के अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्माओं ने सहभागिता कर अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और अध्यात्म का संदेश दिया। संतों के सानिध्य में आयोजित संगोष्ठी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और संतों के आशीर्वचन प्राप्त किए।
संत संगोष्ठी में संत-महात्माओं ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही भक्ति, सेवा और संस्कारों की भावना को मजबूत करते हैं। संतों का सानिध्य मनुष्य को सद्मार्ग पर चलने तथा जीवन में धर्म और सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है। चरणाश्रम का दशम पाटोत्सव इसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
इससे पूर्व सोमवार की सायंकाल भव्य भजन संध्या के साथ पाटोत्सव का शुभारंभ हुआ था। कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज, महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज (अधिकारी गुरु), डॉ. आदित्यानंद सरस्वती, महंत सुंदर दास, महंत सच्चिदानंद महाराज, महामंडलेश्वर देवस्वरूप, महामंडलेश्वर सुरेशानंद, आचार्य राम सुदर्शन मिश्र, रामदेव चतुर्वेदी महाराज, पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ एवं महंत मोहिनी शरण महाराज ने ठाकुरजी के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भजन संध्या में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रद्धालु भजनों की धुन पर भावविभोर होकर झूम उठे।
पाटोत्सव के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें संत-महात्माओं सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान बबंडर बाबा , आचार्य बद्रीश, सौरव गौड, डा.गोपाल चतुर्वेदी भागवत आचार्य यदुनंदन महाराज, रामबिलास चतुर्वेदी,भगवान दास चौधरी, मुरली अग्रवाल, दीना पंडित, गंगा शरण पांडेय, संजू अग्रवाल, आचार्य रामजी शुक्ला, कन्हैया अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह यादव, जय तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।