वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पुलिस की सख्ती, बिना पहचान पत्र काम कर रहे दो टट्टू संचालकों पर एफआईआर

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और टट्टू सेवाओं के नियमन को लेकर रियासी पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बिना वैध पहचान पत्र के काम कर रहे दो टट्टू संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस पोस्ट बाणगंगा की टीम ने कटड़ा स्थित श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर टट्टू संचालकों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए औचक जांच की। इस दौरान दो टट्टू संचालक बिना वैध पहचान पत्र के यात्रियों को सेवा देते पाए गए।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के तहत सुशील कुमार पुत्र शादी राम निवासी जम्मू और शबरोज खान पुत्र शमीस दीन निवासी रियासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने सभी टट्टू संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे यात्रा मार्ग पर काम करते समय निर्धारित नियमों का पालन करें और अपने साथ वैध पहचान पत्र जरूर रखें। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

रियासी पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर टट्टू सेवाओं के उचित संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियमित जांच एवं प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।

गौरतलब है कि माता वैष्णो देवी यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं। इससे पहले जम्मू पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया था।