वृंदावन में नगर निगम की कार्रवाई पर विवाद, मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

बिना नोटिस बाउंड्री वॉल ढहाने और सामान ले जाने का आरोप 

वृंदावन। नगर निगम कर्मियों पर पानीगांव मार्ग स्थित पवन हेलीपैड के सामने बने एक निजी प्लॉट की बाउंड्री वॉल बिना किसी अग्रिम नोटिस के जेसीबी से ध्वस्त करने और परिसर से कीमती सामान ले जाने का आरोप लगा है। मामला राजपुर खादर स्थित खसरा नंबर 188/215 की करीब 4,900 वर्ग गज जमीन से जुड़ा है, जिस पर दीवानी न्यायालय में नगर निगम के साथ स्वामित्व का वाद पहले से विचाराधीन बताया जा रहा है। पीड़ित विश्वनाथ निवासी लक्ष्मीनगर जमुनापार के अनुसार मंगलवार को पहुंची निगम की टीम ने बाउंड्री वॉल ढहा दी और प्लॉट पर बने अस्थाई कार्यालय से इन्वर्टर, बैटरी, सोलर पैनल तथा सीसीटीवी कैमरे मय डीवीआर उठाकर ले गई।स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।