वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आलापुर (अंबेडकर नगर)। नगर पंचायत क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अंतर्गत सिरसिया गांव के पास राधानगर बाजार में बीती देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में भरौली गांव निवासी 38 वर्षीअज्ञातय दीपक यादव पुत्र रामकरन यादव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक यादव अपने मामा के घर पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सनपुर सुगौटी गांव गए थे। बताया जाता है कि देर रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह बाइक से अपने घर भरौली लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसिया गांव के पास राधानगर बाजार में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दीपक यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी उर्मिला, 15 वर्षीय पुत्र दीपांशु यादव और 12 वर्षीय पुत्री दीपिका का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक दीपक दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे।

घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन यादव, मनोज जायसवाल, चेयरमैन बिनोद प्रजापति, योगेंद्र यादव, सुभाष यादव समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव देर शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है। हादसे के बाद से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।